



कोटा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को कोटा पहुंचकर नीट, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर छात्र-युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के लिए उनके यात्रा कार्यक्रम में अंतिम समय में बदलाव किया गया है। पहले उनका ट्रेन से कोटा आने और वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वे चार्टर विमान से कोटा पहुंचेंगे और कार्यक्रम के बाद उसी दिन दिल्ली लौट जाएंगे।
राहुल गांधी शाम करीब 6 बजे कोटा पहुंचेंगे। इसके बाद वे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर आयोजित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम छात्र-युवाओं की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही चुनौतियों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत माना जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत म्यूजिक कॉन्सर्ट से होगी, जिसमें पॉप सिंगर लश्करी और कर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद राहुल गांधी विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रस्तावित है।
कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी अपने संबोधन में परीक्षा प्रणाली से जुड़े चार प्रमुख मुद्दों को उठाएंगे। इनमें नीट परीक्षा के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। पार्टी का कहना है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती विवादों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है, इसलिए इन मुद्दों पर व्यापक जनचर्चा और सुधार आवश्यक हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि यात्रा कार्यक्रम में बदलाव सुरक्षा और समय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के कार्यक्रमों में व्यवधान की आशंका और ट्रेन संचालन में संभावित देरी को देखते हुए चार्टर विमान का विकल्प चुना गया है।
कोटा, जो देश की प्रमुख कोचिंग और शिक्षा नगरी के रूप में पहचान रखता है, से इस अभियान की शुरुआत को कांग्रेस युवाओं और विद्यार्थियों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।