



बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बीकानेर और श्रीगंगानगर से जुड़े एक बड़े नकदी बरामदगी मामले में कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 2 करोड़ 43 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पहले एक निजी बस में सफर कर रहे युवक के पास से 85 लाख रुपये मिले, जबकि उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर की गई छापेमारी में राजस्थान राज्य बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के ठिकाने से 1 करोड़ 58 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, रविवार को सूचना मिली थी कि अवैध धन और बेनामी संपत्ति से जुड़े कुछ लोग बड़ी मात्रा में नकदी को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एसीबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने लूणकरणसर थाना क्षेत्र के निकट नाकाबंदी कर बीकानेर से श्रीगंगानगर जा रही एक निजी बस को रुकवाया।
तलाशी के दौरान बस में सवार स्वतंत्र ज्याणी नामक युवक के पास रखे थैलों और गत्ते के बॉक्सों से 85 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में युवक ने कथित रूप से बताया कि यह राशि श्रीगंगानगर में एक निर्धारित स्थान पर पहुंचाई जानी थी और इसका संबंध जुगल किशोर बिश्नोई से है।
युवक से मिली जानकारी के आधार पर एसीबी की दूसरी टीम ने बीकानेर के जयपुर रोड स्थित मयूर विहार क्षेत्र में जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 1 करोड़ 58 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इस प्रकार दोनों कार्रवाइयों में कुल 2.43 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि बरामद रकम के स्रोत, उसके उपयोग और संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, जबकि जुगल किशोर बिश्नोई से भी मामले में पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से आई, किस उद्देश्य से भेजी जा रही थी और क्या इसका संबंध किसी अवैध वित्तीय गतिविधि से है।
फिलहाल एसीबी पूरे मामले के वित्तीय और कानूनी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।