Thursday, 21 May 2026

चुड़ादा गांव में सुबह भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ग्रामीणों के साथ चाय पर की चर्चा


चुड़ादा गांव में सुबह भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ग्रामीणों के साथ चाय पर की चर्चा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बांसवाड़ा |  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बांसवाड़ा जिले के चुड़ादा गांव में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण कर आमजन से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव के विभिन्न स्थानों पर रुककर स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा ग्रामीण जीवन और क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी आत्मीय मुलाकात की और उन्हें उपहारस्वरूप चॉकलेट वितरित की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को सुना। ग्रामीणों ने पेयजल, सिंचाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार गांवों के विकास और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव में रात्रि विश्राम करने और सुबह उनके बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने को सराहनीय कदम बताया। लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस प्रकार सीधे गांव में पहुंचकर संवाद करना ग्रामीणों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

    Previous
    Next

    Related Posts