


प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को प्रतापगढ़ जिले के बम्बोरी गांव का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनकी समस्याओं व सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना को लेकर भी फीडबैक लिया।
गांव में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने उन्हें अपना होमवर्क दिखाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें दुलार करते हुए चॉकलेट्स वितरित कीं और पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें राजीविका समूह से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।
भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की, जिसमें उन्होंने स्थानीय समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है और ग्राम विकास चौपाल तथा विकास रथ जैसी पहलें इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही लक्ष्मीनाथ जी मंदिर और चारभुजानाथ जी मंदिर में भी दर्शन किए। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक, सांसद सीपी जोशी और विधायक श्रीचंद कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
