



अलवर। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बाइक जब्त किए जाने से नाराज करीब 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने पुलिस थाने पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने थाने पर जमकर पथराव किया, पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए और लाठी-डंडों से हमला कर थाना अधिकारी धर्म सिंह को घायल कर दिया। इस हमले में कई अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12 बजे दो युवक बाइक पर स्टंट करते हुए और तेज आवाज में पटाखे फोड़कर क्षेत्र में दहशत फैला रहे थे। गोविंदगढ़ थाने के एएसआई ने उन्हें रोककर समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक पुलिसकर्मी से उलझ गए। इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर थाने ले आई। जैसे ही बाइक जब्त किए जाने की सूचना फैली, बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते भीड़ उग्र होकर पथराव करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी के नेतृत्व में जिले के 17 थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाली, एनईबी, शिवाजी पार्क, उद्योग नगर एमआईए, वैशाली नगर, सदर अलवर सहित कई थानों से पुलिसकर्मी तैनात किए गए। रातभर पुलिस ने गांव में डेरा डालकर स्थिति को काबू में रखा।
हमले के बाद थाने परिसर में खून के निशान देखे गए और क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने गुरुवार सुबह से ही उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। अब तक 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। एडिशनल एसपी ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।