



नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सोमवार देर रात डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पिछले 15 दिनों से लगातार निरीक्षण किए जा रहे थे, तो ऐसी घटना कैसे हो गई। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के निरस्त होने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की मंशा पर संदेह पैदा होता है।
जूली ने आरोप लगाया कि रिफाइनरी परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिससे जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करती है, लेकिन धरातल पर काम नहीं दिखता। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त तक परियोजना शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई।
महिला आरक्षण बिल को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए बिल पास नहीं होने दिया गया। शिक्षा विभाग को लेकर भी उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक कोई नया स्कूल भवन नहीं बनवाया है।
इस दौरान टीकाराम जूली विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के पारिवारिक समारोह में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।