Sunday, 01 March 2026

जीटो नेशनल कॉन्क्लेव एवं विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 में बोले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा — आध्यात्मिक चेतना से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव


जीटो नेशनल कॉन्क्लेव एवं विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 में बोले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा — आध्यात्मिक चेतना से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि समाज और राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए आध्यात्मिक चेतना, नैतिकता और मूल्य आधारित नेतृत्व अत्यंत आवश्यक हैं। रविवार को जयपुर में आयोजित जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीटो) टाउन रिप्रजेन्टेटिव नेशनल कॉन्क्लेव एवं विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जैन दर्शन की ध्यान, तपस्या और आत्मचिंतन की परंपरा को विश्व मानवता के लिए मार्गदर्शक बताया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा  ने कहा कि जैन समाज ने सदियों से भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक मूल्यों को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अहिंसा, करुणा, सत्य और आत्मअनुशासन के सिद्धांतों ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया है। उन्होंने भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जियो और जीने दो’ का सिद्धांत आज भी वैश्विक समाज के लिए प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें जैन समाज सहित सभी समुदायों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। पारदर्शिता, जनसेवा और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करते हुए समाज और शासन दोनों को कर्तव्यबोध को सर्वोपरि रखना होगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं और उद्यमियों से समाजहित और राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने का आह्वान भी किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में विश्व अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर रहा भारत आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने व्यापार, उद्योग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नवकार महामंत्र दिवस केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मानवता को शांति, सद्भाव, ज्ञान और आत्मशुद्धि का सार्वभौमिक संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने विश्व में शांति और कल्याण की कामना करते हुए नवकार महामंत्र की दिव्य ऊर्जा से सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 के प्रचार-प्रसार के लिए रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जीटो के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी, उपाध्यक्ष हिमांशु जे. शाह, सचिव महावीर चपलोत, जयपुर चैप्टर की चेयरपर्सन सलोनी जैन सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी, महिला उद्यमी, युवा प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts