



कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार को नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक टीकाराम जूली की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने हेतु ग्राम काठूवास पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय माता जी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना प्रदान की।
देवनानी ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं परिजनों से मुलाकात करते हुए कहा कि माता-पिता का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा सहित कई वर्तमान एवं पूर्व मंत्री, विधायकगण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए टीकाराम जूली एवं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ग्राम काठूवास में आयोजित अंतिम संस्कार में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन भी शामिल हुए। जनसमूह की उपस्थिति ने दिवंगत के प्रति सम्मान और सामाजिक जुड़ाव की भावना को दर्शाया। वातावरण पूरी तरह शोकमय रहा और लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।