



जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सूरतगढ़ के राजीव गांधी खेल स्टेडियम के समग्र विकास का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर ने विशेष उल्लेख प्रस्ताव नियम-295 के तहत स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग की।
विधायक गेदर ने सदन में कहा कि सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के हजारों युवा सेना भर्ती, पुलिस भर्ती तथा विभिन्न राजकीय सेवाओं की शारीरिक तैयारी इसी स्टेडियम में करते हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है, लेकिन उपलब्ध सुविधाएं खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं हैं।
विधायक ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में स्टेडियम में पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध नहीं है।पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था कमजोर है।प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है। दर्शकों एवं खिलाड़ियों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इन कमियों के कारण खिलाड़ियों और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विधायक ने सरकार से निम्न मांगें रखीं
खेल मैदान में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण
खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक एवं विशाल जिम की स्थापना
हाई मास्क लाइट व निर्बाध बिजली व्यवस्था
फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, क्रिकेट सहित सभी खेलों के उपकरण उपलब्ध कराना
खिलाड़ियों हेतु पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था
जलभराव रोकने के लिए आधुनिक सीवरेज एवं ड्रेनेज सिस्टम
विधायक गेदर ने कहा कि यदि स्टेडियम का समुचित विकास किया जाता है तो सूरतगढ़ क्षेत्र के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए राजीव गांधी खेल स्टेडियम, सूरतगढ़ के विकास हेतु सभी प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।