



जयपुर। जयपुर एक बार फिर देशभक्ति और रोमांच से भरने जा रही है। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ और ‘सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ जलमहल की खूबसूरत पृष्ठभूमि में आसमान पर अद्भुत करतब दिखाएंगी। यह भव्य एयर शो 20 और 22 फरवरी को दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा, जिसमें हजारों दर्शकों के जुटने की उम्मीद है।
सूर्यकिरण टीम अपने 9 हॉक MK-132 विमानों के साथ 100 से 1000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए डायमंड, लूप, क्रॉस और मिरर जैसी जटिल फॉर्मेशन प्रस्तुत करेगी। रंगीन धुएं के साथ आसमान में तिरंगे की छटा दर्शकों को देशभक्ति से सराबोर कर देगी।
विमानों के बीच बेहद कम दूरी पर उड़ान भरना इस शो की सबसे खास बात होती है, जो वायुसेना पायलटों की सटीक टाइमिंग और कौशल का प्रतीक है।
सूर्यकिरण टीम के विंग कमांडर राजेश काजला ने बताया कि जयपुर उनका गृह नगर है और वर्ष 2023 के बाद यह उनका शहर में अंतिम प्रदर्शन होगा। वहीं स्क्वाड्रन लीडर संजेश ने कहा कि एयर शो का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है। विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ ने इसे अपने परिवार और दोस्तों के सामने उड़ान भरने का गर्वपूर्ण क्षण बताया।
भारतीय वायुसेना का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। एयर शो के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों को देश सेवा, अनुशासन और एयरफोर्स के प्रोफेशनल कौशल से परिचित कराया जाएगा।
इस बार एयर शो में प्रवेश पूरी तरह डिजिटल रहेगा। दर्शकों को राजस्थान के SSO पोर्टल पर लॉगिन कर Air Show Jal Mahal Registration सेवा के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
सहभागिता पास डाउनलोड करना अनिवार्य
प्रवेश के समय पास की प्रिंट कॉपी साथ लाना जरूरी
बिना पास प्रवेश नहीं मिलेगा
प्रशासन ने 20 और 22 फरवरी को दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
रामगढ़ मोड़ से जलमहल होकर आमेर जाने वाली बसें बंद रहेंगी
आमेर व दिल्ली रोड की ओर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा
निर्धारित पार्किंग: ग्रामीण पुलिस लाइन, जलतरंग मैदान, हज हाउस क्षेत्र, पाल किनारा आदि
वैकल्पिक पार्किंग: खोले के हनुमानजी क्षेत्र
एयर शो के दौरान पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, सिविल डिफेंस, एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। प्रतिबंधित वस्तुएं जैसे ड्रोन, ज्वलनशील सामग्री और नुकीली वस्तुएं लाने पर रोक रहेगी। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी भी की जाएगी।
जयपुर में होने वाला यह एयर शो न केवल रोमांच का अनुभव देगा, बल्कि भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता, अनुशासन और तकनीकी उत्कृष्टता का भी भव्य प्रदर्शन बनेगा।