



बालोतरा। गिड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीरा की ढाणी की सरहद पांचा की ढाणी में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में मां और उसके दो मासूम बेटों की पानी के टांके में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के बुजुर्ग सास-ससुर का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार पांचा की ढाणी निवासी टीकमराम जाट के सबसे छोटे बेटे प्रेम कुमार उर्फ पूनम की पत्नी देवी बुधवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित टांके पर बकरियों को पानी पिलाने गई थी। उसके साथ उसके दो बेटे अर्जुन (8 वर्ष) और धर्मेंद्र (5 वर्ष) भी थे। बताया जा रहा है कि परिवार के बड़े बेटे के खेत में मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। देवी ने मजदूरों के लिए चाय बनाकर अपने ससुर को दी और इसके बाद बकरियों को पानी पिलाने चली गई। उसे जाते देख दोनों बच्चे भी साथ हो लिए।
टांके के पास खेलते समय अर्जुन का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे टांके में जा गिरा। बेटे के गिरने की आवाज सुनकर मां देवी ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए तुरंत टांके में कूद गई, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी। मां और बड़े भाई को डूबते देख छोटा बेटा धर्मेंद्र भी घबराहट में टांके की ओर भागा और वह भी पानी में चला गया।
देवी की आवाज सुनकर सास सारों देवी ने पति टीकमराम और पास में काम कर रहे लोगों को सूचना दी। ग्रामीण सीढ़ी और बांस लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों पानी में डूब चुके थे।
ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल गिड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों के शव देखकर बुजुर्ग टीकमराम सदमे में जमीन पर गिर पड़े, जबकि सास का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव वालों ने परिवार को संभालने का प्रयास किया।