



जयपुर। जयपुर में फूड सेफ्टी विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए अमूल ब्रांड के एक्सपायरी नॉन-डेयरी फूड प्रोडक्ट्स का बड़ा स्टॉक जब्त किया। सीएमएचओ जयपुर (सेकंड) की टीम ने खो-नागोरियान इलाके में स्थित C&F गोदाम पर छापा मारकर करीब तीन हजार कार्टन सीज किए। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान टीम को नूडल्स, टोमेटो केचअप, मेयोनीज और एनर्जी ड्रिंक जैसे उत्पाद बड़ी मात्रा में मिले, जो एक्सपायरी डेट पार कर चुके थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई कार्टनों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख लगाने की तैयारी की जा रही थी, ताकि माल को दोबारा बाजार में बेचा जा सके।
सीएमएचओ जयपुर (सेकंड) डॉ. मनीष मित्तल के अनुसार विभाग को 181 पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर टीम मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम पहुंची। यहां जांच के दौरान पता चला कि यह माल मैसर्स कायरा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन, गुजरात की ओर से निर्मित अमूल ब्रांड के नॉन-डेयरी प्रोडक्ट्स का था।
करीब 1000 कार्टनों में उत्पादों की एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डेट रसायनों की मदद से मिटाई जा चुकी थी। मौके पर मौजूद C&F संचालक गगन आहूजा के पास थिनर और एसीटोन जैसे केमिकल पाए गए, जिनसे पैकेटों की तारीखें मिटाई जा रही थीं। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्म का फूड लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गुजरात की सप्लायर कंपनी ने एक्सपायरी माल वापस लेने से मना कर दिया था। नुकसान से बचने के लिए उसने यूट्यूब से पैकेटों पर डेट बदलने का तरीका सीखा और बाजार में दोबारा बेचने की तैयारी कर रहा था।
फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर सारा एक्सपायरी माल सीज कर नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही नूडल्स, सॉस और केचअप के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। गोदाम को सील कर अग्रिम आदेश तक वहां रखे माल की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।