Friday, 13 February 2026

अजमेर में क्रिश्चियन गंज थाना अब कहलाएगा कृष्ण गंज, गृह विभाग ने जारी किए नाम परिवर्तन के आदेश


अजमेर में क्रिश्चियन गंज थाना अब कहलाएगा कृष्ण गंज, गृह विभाग ने जारी किए नाम परिवर्तन के आदेश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। अजमेर शहर के क्रिश्चियन गंज पुलिस थाना और चौकी का नाम अब आधिकारिक रूप से कृष्ण गंज कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग ने नाम परिवर्तन के आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में दीपक कुमार ने पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पुलिस और गृह विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। देवनानी ने कहा कि “कृष्ण” नाम सनातन संस्कृति, आस्था, प्रेम और नीति का प्रतीक है। इस नाम परिवर्तन से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा आमजन को अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़ाव का अहसास होगा। अब पुलिस के सभी सरकारी दस्तावेजों, साइन बोर्डों, रिकॉर्ड और आधिकारिक संचार माध्यमों में कृष्ण गंज थाना नाम ही दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि कृष्ण गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अजमेर शहर की लगभग 1.50 लाख की आबादी आती है। नाम परिवर्तन के बाद प्रशासनिक और पुलिस कार्यप्रणाली में किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा, केवल नाम में संशोधन किया गया है, जिससे क्षेत्र की पहचान को नया स्वरूप मिलेगा।

अजमेर में पहले भी बदले जा चुके हैं कई नाम

यह पहला मौका नहीं है जब अजमेर में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से नाम परिवर्तन किया गया हो। इससे पहले भी शहर में कई स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं। फॉयसागर झील का नाम बदलकर वरुण सागर रखा गया, किंग एडवर्ड मेमोरियल को महर्षि दयानंद विश्रांति गृह नाम दिया गया, होटल खादिम का नाम होटल अजयमेरु किया गया और एलिवेटेड रोड का नामकरण रामसेतु किया गया। इन सभी बदलावों को सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।

विहिप और अधिवक्ताओं ने जताया आभार

क्रिश्चियन गंज थाना का नाम बदलकर कृष्ण गंज किए जाने पर विश्व हिंदू परिषद सहित शहर के प्रबुद्ध वर्ग और अधिवक्ताओं ने खुशी जताई है। परिषद और सामाजिक संगठनों ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक ऐतिहासिक और जनभावनाओं के अनुरूप कदम बताया। इस निर्णय का स्वागत करने वालों में शशि प्रकाश इंदोरिया, लोकेश भिंडा, जितेंद्र सिंह शेखावत, अजीत प्रताप सिंह, दिलीप बीरा, जितेंद्र गोड़, प्रयाग हरित सहित कई अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

नाम परिवर्तन के साथ ही अब अजमेर में क्रिश्चियन गंज थाना की पहचान कृष्ण गंज थाना के रूप में स्थापित हो गई है, जिसे लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह और संतोष का माहौल है।

    Previous
    Next

    Related Posts