Thursday, 12 February 2026

तेज रफ्तार टैक्सी ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, अस्पताल में मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार


तेज रफ्तार टैक्सी ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, अस्पताल में मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। गोपालपुरा स्थित अयप्पा मंदिर के पास राम मंदिर रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार टैक्सी कार ने ई-रिक्शा के पास बैठे एक सब्जी विक्रेता को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा घिसटता हुआ कुछ दूरी तक आगे चला गया। हादसे में सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

इत्तेफाक से उसी समय वहां से गुजर रही बजाज नगर थानाप्रभारी पूनम चौधरी ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेश सैनी (50) निवासी मंडावर, दौसा के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ वर्षों से जयपुर के महावीर नगर में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। महेश ई-रिक्शा पर सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय वह अपने ई-रिक्शा के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने सीधे उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे के बाद मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि महेश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में बेटी मोनिका सैनी और बेटा विकास सैनी हैं, जिनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर अब चिंता बढ़ गई है। पड़ोसियों और परिचितों ने बताया कि महेश मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था, जो रोज मेहनत कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहा था।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।

Previous
Next

Related Posts