Thursday, 05 February 2026

मुख्यमंत्री ने इंडिया स्टोनमार्ट का किया उद्घाटन, बोले— राजस्थान के पत्थरों की विश्व में अनूठी पहचान, उद्योग नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार


मुख्यमंत्री ने इंडिया स्टोनमार्ट का किया उद्घाटन, बोले— राजस्थान के पत्थरों की विश्व में अनूठी पहचान, उद्योग नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राजस्थान के पत्थरों की विशिष्टता की विश्व पटल पर अलग पहचान है। देश-विदेश के प्रतिष्ठित किलों, महलों और संस्थानों में राजस्थान के पत्थरों का उपयोग हुआ है। अब प्रदेश का पत्थर उद्योग नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य सरकार इसे देश में सिरमौर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जयपुर स्थित जेईसीसी में आयोजित इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सीडॉस, रीको और लघु उद्योग भारती को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट नए राजस्थान के संकल्प का प्रतीक है और यह भारतीय प्राकृतिक पत्थर उद्योग की शक्ति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है। इस बार स्टोनमार्ट की वेबसाइट 26 से अधिक अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में तैयार की गई है और डिजिटल मोबाइल एप्लीकेशन के साथ विशाल स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ ने उद्योगों को नई दिशा दी है। भारतीय ग्रेनाइट, संगमरमर और सैंडस्टोन की वैश्विक मांग बढ़ रही है और भारत अब केवल निर्यातक ही नहीं, बल्कि मूल्य संवर्धन और नवाचार का केंद्र भी बन रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश-अनुकूल वातावरण, सिंगल विंडो सिस्टम, मजबूत औद्योगिक ढांचा और सरल प्रक्रियाएं विकसित की हैं। ‘राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट’ के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कुशल कारीगर ही इस उद्योग की असली ताकत हैं। इस अवसर पर उन्होंने स्टोन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रीराम मेगा स्ट्रक्चर के निदेशक श्री अनिल चौधरी और एवर शाइन मार्बल्स के प्रबंध निदेशक श्री मुकेश चंद्र अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, वास्तुकार और श्रमिक मौजूद रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts