



जयपुर। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज (SMS) जयपुर के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी को राज्य सरकार ने एक और अहम जिम्मेदारी सौंपी है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार अब डॉ. माहेश्वरी SMS मेडिकल कॉलेज एवं उससे संबद्ध अस्पतालों के साथ-साथ राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज आयुर्विज्ञान महाविद्यालय से जुड़े RUHS हॉस्पिटल के कंट्रोलर का दायित्व भी संभालेंगे। यह अतिरिक्त प्रभार RUHS हॉस्पिटल के सुचारु और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, डॉ. माहेश्वरी के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और SMS मेडिकल कॉलेज जैसे प्रदेश के सबसे बड़े मेडिकल संस्थान के सफल संचालन को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। SMS मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पतालों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका को सराहा गया है, जिसके बाद उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि RUHS हॉस्पिटल में लंबे समय से प्रशासनिक समन्वय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने को लेकर सुधार की जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में एक अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार देकर अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की पहल की गई है।
सरकार की मंशा RUHS हॉस्पिटल को राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) की तर्ज पर विकसित करने की है। हालांकि, हॉस्पिटल में पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर होने के बावजूद डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को अपेक्षित स्तर की चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। माना जा रहा है कि डॉ. माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रशासनिक सुधार, संसाधनों का बेहतर उपयोग और चिकित्सा सेवाओं में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।