Thursday, 05 February 2026

विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दे रहे जवाब, कहा—5.79 लाख करोड़ का कर्ज विरासत में मिला, हमने अर्थव्यवस्था को दी नई गति देखें LIVE


  • Live Now | राजस्थान का पंछी |
विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दे रहे जवाब, कहा—5.79 लाख करोड़ का कर्ज विरासत में मिला, हमने अर्थव्यवस्था को दी नई गति देखें LIVE

Live News Update

10

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा और व्यंग्यात्मक हमला बोला। बिना नाम लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि जब सत्ता में थे, तब मेहनती युवा दर-दर भटकते रहे, लेकिन उस समय न तो युवाओं की याद आई और न ही नैतिकता की कोई किताब दिखाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मेहनती युवा खड़े रह जाते थे। उस वक्त नैतिकता कहां थी? एक दिन कुर्सी खिसकी और चमत्कार हो गया। जो लोग कल तक घी पीने में व्यस्त थे, वे आज भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य की बात कर रहे हैं। पहले घी पी लिया, अब उपदेश दे रहे हैं। सत्ता हाथ में थी तो मुंह में माखन था, सत्ता गई तो ज्ञान की मटकी भर गई।”

सीएम ने आगे कहा कि जब ये लोग मंत्री थे और कोई परेशानी लेकर जाता था, तो उसे किसी ‘बाड़े’ का रास्ता दिखा दिया जाता था। “3 फरवरी को हमारे साथी ने उस बाड़े का इतिहास सदन में बता दिया था। आज मैं किसी व्यक्ति की नहीं, उस प्रवृत्ति की बात कर रहा हूं, जो कुर्सी जाते ही ज्ञान का ग्रंथ बन जाती है।”

मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, “जब तक ऊंट खड़ा रहता है, तब तक आदमी को रेत नहीं दिखती। एक हाथ में हुकुम होता था और दूसरे हाथ में रिश्तेदारों की सिफारिश। इम्तिहान सवाल-पत्र में नहीं, पहले जेब में उतरते थे।”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ईआरसीपी और जल योजनाओं को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। जब उन्होंने पानी की योजनाओं का जिक्र किया, तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यमुना जल की डीपीआर को लेकर टोका।

इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा, “शेखावाटी वालों को पानी मैं ही पिलाऊंगा, मैं उस विषय पर भी आ रहा हूं। कांग्रेस के एक नेता नहर लाने के नाम पर हर चुनाव जीत जाते थे, लेकिन हुआ कुछ नहीं।” सीएम ने कहा कि वे गंगासिंहजी को नमन करते हैं, जिन्होंने करीब 100 साल पहले गंग नहर बनवाई थी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार ने खुद कोई ठोस काम नहीं किया और जल जीवन मिशन को कुप्रबंधन व भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। “जल जीवन मिशन को कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का पर्याय बना दिया। आठ महीनों तक इनके मंत्री जेल में रहे, और अभी तो पिक्चर बाकी है। हमने अभियोजन स्वीकृति दे दी है, आगे भी सख्त एक्शन होगा।”

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल जीवन मिशन की अवधि बढ़ाई है और राजस्थान में हर घर नल का संकल्प पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सदन में यह भी स्पष्ट किया कि पक्ष हो या विपक्ष—कोई भी विधायक फोन करेगा तो उसे जवाब मिलेगा। “अगर फोन नहीं ले पाया तो 24 घंटे में खुद कॉल करूंगा और समस्या का समाधान होगा।”

अंत में मुख्यमंत्री ने पुष्कर का उदाहरण देते हुए कहा कि “पुष्कर का ब्रह्माजी मंदिर, हिंद महासागर और अरब सागर को जोड़ता है। पुष्कर का आधा पानी हिंद महासागर और आधा अरब सागर में जाता है।” इस बयान के बाद सदन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।

सीएम ने कहा कि विपक्ष यह आरोप लगाता है कि मुख्यमंत्री बार-बार दिल्ली जाते हैं, लेकिन फर्क साफ है।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “आप दिल्ली जाते थे तो सरकार बचाने जाते थे, मैं दिल्ली जनता की सेवा के लिए जाता हूं। मैं जब भी दिल्ली जाता हूं, राजस्थान की जनता के लिए कुछ न कुछ लेकर आता हूं। आप लोग क्या कर रहे थे? आप तो होटलों में आराम कर रहे थे—एक जाता था, एक आता था।”

सीएम के इस बयान के बाद सदन में सत्तापक्ष की ओर से मेज थपथपाकर समर्थन जताया गया, जबकि विपक्षी खेमे में हलचल देखी गई।

सीएम ने कहा कि वे पिछले चार–पांच दिनों से सदन की कार्यवाही देख रहे हैं। पहले होड़ थी, अब विपक्ष शांत है, लेकिन जैसे ही कोई नया विधायक बोलता है, नेता प्रतिपक्ष बार-बार खड़े हो जाते हैं—मानो स्प्रिंग लगी हो।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए पूछा कि कांग्रेस राज में यह “स्प्रिंग” कहां थी, जब अलवर में घटनाएं हो रही थीं, तब आवाज क्यों नहीं उठी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की भूमिका जिम्मेदार होती है और नए विधायकों को भी बोलने का अवसर देना चाहिए, न कि बार-बार हस्तक्षेप कर सदन की कार्यवाही बाधित करनी चाहिए।

राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार ने सत्ता संभाली, तब प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और पिछली सरकार से 5 लाख 79 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज विरासत में मिला था।

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि उन्हें अब भी विकास दिखाई नहीं दे रहा है तो सरकार चश्मे की व्यवस्था कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार को यह अंदेशा था कि वे दोबारा सत्ता में नहीं आएंगे, इसलिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया गया। कई विधायकों ने आंकड़ों का मायाजाल रचकर सच्चाई को छिपाने की कोशिश की।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद उनकी प्राथमिकता प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की रही है और बीते समय में अर्थव्यवस्था को नई गति दी गई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन, विकास योजनाओं और निवेश के जरिए राज्य को मजबूती की ओर ले जाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके सशक्त नेतृत्व में भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुका है। सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राजस्थान के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Previous
Next

Related Posts