Thursday, 05 February 2026

राजस्थान बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव: उत्तर पुस्तिकाओं के पेज कम, पहली बार मिलेगी सप्लीमेंट्री कॉपी की सुविधा


राजस्थान बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव: उत्तर पुस्तिकाओं के पेज कम, पहली बार मिलेगी सप्लीमेंट्री कॉपी की सुविधा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 12 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उत्तर पुस्तिकाओं में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। बोर्ड ने परीक्षा में उपयोग होने वाली मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं के पेज कम कर दिए हैं और इसके साथ ही पहली बार सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका की सुविधा शुरू की गई है।

नई व्यवस्था के तहत कक्षा 10वीं की परीक्षा में अब 20 पेज की उत्तर पुस्तिका दी जाएगी, जबकि कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों को 28 पेज की मुख्य उत्तर पुस्तिका मिलेगी। पहले की तुलना में यह संख्या 4-4 पेज कम है। यदि परीक्षार्थी मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी तरह भर लेता है, तो उसे अतिरिक्त उत्तर लिखने के लिए 8 पेज की सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी।

परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बोर्ड ने इस बार उत्तर पुस्तिकाओं पर बारकोड की व्यवस्था भी लागू की है, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और गोपनीयता बनी रहे। सीकर जिले में इस बार करीब 1.05 लाख परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे।

पहले नहीं थी सप्लीमेंट्री कॉपी की सुविधा
अब तक बोर्ड परीक्षाओं में सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका का कोई प्रावधान नहीं था। यदि कोई परीक्षार्थी मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी भर देता था, तो विशेष परिस्थितियों में जांच-पड़ताल के बाद केंद्राधीक्षक की अनुमति से उसे अतिरिक्त रूप से मुख्य उत्तर पुस्तिका ही दी जाती थी। नई व्यवस्था के अनुसार अब परीक्षा कक्ष में मौजूद वीक्षक परीक्षार्थी की आवश्यकता को देखते हुए तुरंत सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका जारी कर सकेंगे।

क्यों कम किए गए पेज
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं में यह देखा गया कि पूरा प्रश्न पत्र हल करने के बाद भी उत्तर पुस्तिकाओं के कई पेज खाली रह जाते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं के पेज कम कर दिए हैं और आवश्यकता पड़ने पर सप्लीमेंट्री कॉपी देने की व्यवस्था लागू की है, जिससे कागज की बचत के साथ परीक्षा संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके।

Previous
Next

Related Posts