Thursday, 05 February 2026

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती: एक सवाल का जवाब फिर बदलेगा, दूसरी पारी का रिजल्ट होगा रिवाइज


चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती: एक सवाल का जवाब फिर बदलेगा, दूसरी पारी का रिजल्ट होगा रिवाइज

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा में एक बार फिर उत्तर कुंजी को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दूसरी पारी के प्रश्न संख्या 108 के उत्तर को दोबारा बदलने का निर्णय लिया है। इस फैसले से दूसरी पारी का परिणाम रिवाइज किया जाएगा और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इससे प्रभावित होंगे।

दरअसल, बोर्ड ने पहले प्रारंभिक आंसर की में प्रश्न संख्या 108 का सही उत्तर विकल्प (डी) संयुक्त वन प्रबंधन माना था। इस प्रश्न पर किसी भी अभ्यर्थी की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद बोर्ड ने फाइनल आंसर की जारी करते समय बिना आपत्ति के ही उत्तर बदलकर (बी) आर्द्रभूमि संरक्षण कर दिया।

इस बदलाव का अभ्यर्थियों ने कड़ा विरोध किया। अभ्यर्थियों ने बोर्ड को अवगत कराया कि प्रारंभिक आंसर की में माना गया उत्तर ही तथ्यात्मक और पाठ्यक्रम के अनुसार सही था। साथ ही सवाल उठाया गया कि जब किसी भी अभ्यर्थी की ओर से आपत्ति नहीं आई, तो बोर्ड ने अपने स्तर पर उत्तर क्यों बदला।

अभ्यर्थियों के विरोध और तथ्य सामने आने के बाद बोर्ड ने अब यह स्वीकार किया है कि उत्तर कुंजी में त्रुटि हुई है और प्रश्न संख्या 108 का जवाब दोबारा बदला जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस संशोधन के चलते दूसरी पारी का परिणाम रिवाइज किया जाएगा।

यह था विवादित सवाल:
प्रश्न संख्या 108 –
निम्नलिखित में से कौन सा एक अभिगम है, जिसमें राज्य वन विभाग, वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में स्थानीय वनवासी समुदायों का समर्थन करते हैं?

(ए) स्वस्थाने संरक्षण
(बी) आर्द्रभूमि संरक्षण
(सी) स्थानीय प्रजातियों पर आधारित पारिस्थितिकीय पुनःस्थापन
(डी) संयुक्त वन प्रबंधन
(ई) अनुत्तरित प्रश्न

परिणाम पर पड़ेगा असर:
उत्तर में दोबारा बदलाव होने से दूसरी पारी का रिजल्ट रिवाइज किया जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर बॉर्डर लाइन पर मौजूद अभ्यर्थियों पर पड़ेगा। कुछ अभ्यर्थी चयन सूची से बाहर हो सकते हैं, जबकि कई नए अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की सूची में जगह मिल सकती है।

Previous
Next

Related Posts