Thursday, 05 February 2026

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत: इंजेक्शन किस डॉक्टर की पर्ची पर लगे, अब तक नहीं हुआ स्पष्ट


जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत: इंजेक्शन किस डॉक्टर की पर्ची पर लगे, अब तक नहीं हुआ स्पष्ट

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर के बोरानाडा थाना क्षेत्र स्थित पाल के आरती नगर में एक आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध हालात में हुई मौत का मामला अब भी उलझा हुआ है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें जो इंजेक्शन लगाए गए थे, वे किस डॉक्टर की पर्ची पर लगाए गए थे। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट आने में अभी चार से पांच दिन का समय लग सकता है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा संभव होगा।

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक साध्वी प्रेम बाईसा के पिता बिरमनाथ, इंजेक्शन लगाने वाले कम्पाउंडर देवीसिंह, पाल रोड स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टर एवं स्टाफ सहित करीब 10 से 12 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। कम्पाउंडर देवीसिंह ने पुलिस को बताया कि उसने 28 जनवरी को साध्वी को दो इंजेक्शन लगाए थे और ये इंजेक्शन किसी डॉक्टर द्वारा लिखे गए थे।

हालांकि, जिस निजी अस्पताल में साध्वी को बाद में ले जाया गया था, वहां के डॉक्टर प्रवीण जैन ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से साध्वी का इलाज नहीं कर रहे थे। ऐसे में यह सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर इंजेक्शन किस डॉक्टर ने लिखे थे।

एसआईटी प्रभारी एवं सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) छवि शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

क्या है पूरा मामला:
28 जनवरी को जुकाम और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद आश्रम से कम्पाउंडर देवीसिंह को बुलाया गया था। उसने साध्वी प्रेम बाईसा को दो इंजेक्शन लगाए। कुछ समय के लिए आराम मिलने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें पाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Previous
Next

Related Posts