



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के केंद्रीय बजट पर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की राजनीति केवल नकारात्मकता पर टिकी हुई है। यदि वे कभी भाजपा सरकार के बजट या कार्यों की प्रशंसा कर दें तो उनकी राजनीतिक दुकान ही बंद हो जाएगी, इसी कारण वे हर बजट को निराशाजनक बताने का प्रयास करते हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जी को बयानबाजी करने से पहले तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2004 में जहां इनकम टैक्स में मात्र 50 हजार रुपये तक की छूट थी, वहीं आज भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये से अधिक कर दिया है। केवल कर व्यवस्था ही नहीं, बल्कि देश में हो रहे व्यापक विकास को भी देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हजारों किलोमीटर रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है और अनेक नए रेलवे प्लेटफॉर्म विकसित किए गए हैं। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर रेलवे स्टेशनों सहित देशभर में 300 से अधिक छोटे-बड़े स्टेशनों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने बजट उपलब्ध कराया है, लेकिन यह सब कांग्रेस नेताओं को दिखाई नहीं देता।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि देशभर में फोरलेन और सिक्स-लेन सड़कों का निर्माण, भारतमाला परियोजना के तहत सड़कों का विशाल नेटवर्क, वंदे भारत और द्रुतगति ट्रेनों का संचालन तथा राष्ट्रीय जलमार्गों का विकास ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। इसके बावजूद कांग्रेस नेता विकास को नकारते हैं क्योंकि उनका उद्देश्य जनता को भ्रमित करना है।
मदन राठौड़ ने आर्थिक आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले देश में केवल 1.25 करोड़ लोग इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते थे, जबकि आज यह संख्या 10 करोड़ से अधिक हो चुकी है। वर्ष 2013 में जहां केवल 1 प्रतिशत लोग टैक्स देते थे, वहीं आज यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 8 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 23 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े किसी कल्पना पर आधारित नहीं, बल्कि ठोस सच्चाई को दर्शाते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की है और अब हथियार देश में ही बनाए जा रहे हैं। लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के सुदृढ़ होने से किसान अपनी फसल को गोदामों में सुरक्षित रखकर देश के किसी भी हिस्से में आसानी से भेज पा रहे हैं। सड़क, रेल, बिजली, स्वास्थ्य, सौर ऊर्जा और अन्य आधारभूत ढांचे के क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुआ है।
अंत में मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं और कभी लोक-लुभावने बजट प्रस्तुत नहीं करते। इस बजट का उद्देश्य देश की आर्थिक गति को तेज करना और समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाना है। यदि यह सब कांग्रेस नेताओं को दिखाई नहीं देता, तो इसमें सरकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि चाहें तो कांग्रेस नेता विकास के कार्यों को उनके चश्मे से देखकर वास्तविकता समझ सकते हैं।