



निवाई (टोंक)। निवाई के सोडा क्षेत्र स्थित देवरी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब खुदाई के दौरान जमीन में दबा एक रहस्यमयी घड़ा मिला। घड़े में सोने-चांदी का खजाना होने की सूचना फैलते ही गांव में कौतूहल का माहौल बन गया और घड़ा देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।
जानकारी के अनुसार देवरी गांव में चल रही खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर एक पुराना घड़ा नजर आया। देखते ही देखते यह खबर फैल गई कि घड़े में बहुमूल्य धातुओं का खजाना हो सकता है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना पर निवाई थानाधिकारी घासीराम जाटलेसर मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सावधानीपूर्वक खुदाई कर घड़े को बाहर निकलवाया। इसके बाद तहसीलदार नरेश गुर्जर और सीआई घासीराम जाटलेसर घड़े को अपने साथ उपकोष कार्यालय लेकर पहुंचे।
उपकोष कार्यालय के एक कमरे में घड़े को सुरक्षित रखकर कमरा सीज कर दिया गया है। प्रशासन ने फिलहाल पूरे मामले को लेकर मीडिया से दूरी बनाए रखी है। अधिकारियों का कहना है कि घड़े को अब पुरातत्व विभाग की मौजूदगी में ही खोला जाएगा, ताकि इसकी ऐतिहासिक और वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके।
घड़े के रहस्य और उसमें मौजूद सामग्री को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। ग्रामीणों की नजरें अब पुरातत्व विभाग की जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि जमीन से निकला यह घड़ा ऐतिहासिक धरोहर है या वास्तव में किसी खजाने से जुड़ा हुआ है।