Saturday, 13 December 2025

दिल्ली जाते वक्त ट्रेन से पूर्व IG अमिताभ ठाकुर को 26 साल पुराने प्लॉट घोटाले में किया गिरफ्तार, गुप्त पूछताछ के बाद देवरिया कोर्ट से 14 दिन की न्यायिक हिरासत


दिल्ली जाते वक्त ट्रेन से पूर्व IG अमिताभ ठाकुर को 26 साल पुराने प्लॉट घोटाले में किया गिरफ्तार, गुप्त पूछताछ के बाद देवरिया कोर्ट से 14 दिन की न्यायिक हिरासत

उत्तर प्रदेश के पूर्व IG अमिताभ ठाकुर को आधी रात ट्रेन से उठाए जाने की घटना ने राज्य की राजनीति और पुलिस सिस्टम में हलचल मचा दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात वह दिल्ली जा रहे थे, तभी शाहजहांपुर स्टेशन पर सादे कपड़ों में कुछ लोग ट्रेन में घुसे और उन्हें अपने साथ ले गए। घटना की शुरुआती सूचना सोशल मीडिया पर “किडनैपिंग” के रूप में फैली, जिससे हड़कंप मच गया।

कुछ देर बाद उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को लखनऊ पुलिस की कॉल आई, जिसमें बताया गया कि अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है, न कि किडनैप। इसी बीच दोनों का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भी सस्पेंड हो गया, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह पुलिस के अनुरोध पर किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अमिताभ ठाकुर से लगभग दो घंटे तक एक गुप्त स्थान पर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें देवरिया जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। यहां मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरी हत्या हो सकती है। मेरे साथ अन्याय हो रहा है। सब सरकार के इशारे पर हो रहा है। मेडिकल के बाद पुलिस उन्हें तेजी से धकेलते हुए CJM कोर्ट ले गई, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

पूर्व IG अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी जिस मामले में हुई है, वह सितंबर 2025 में लखनऊ के तालकटोरा थाने में दर्ज हुई एक धोखाधड़ी की FIR से जुड़ा है। शिकायतकर्ता तालकटोरा निवासी संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्ष 1999 में, जब अमिताभ ठाकुर देवरिया में SP थे, उसी अवधि में उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने फर्जी नाम और फर्जी पते का उपयोग कर देवरिया औद्योगिक क्षेत्र का प्लॉट (संख्या—B2) आवंटित करवा लिया। बाद में वही प्लॉट असल नाम से बेचकर आर्थिक लाभ कमाया गया।

शिकायत के अनुसार नूतन ठाकुर ने दस्तावेजों में अपना नाम नूतन देवी, और पति के नाम की जगह अभिजात ठाकुर / अभिताप ठाकुर लिखवाया। उन्होंने पता भी फर्जी दर्ज करवाया—ग्राम खैरा, जिला सीतामढ़ी, बिहार। इसी आधार पर शपथपत्र, बैंक दस्तावेज, ट्रांसफर डीड आदि बनवाकर संबंधित सरकारी विभागों को गुमराह किया।

संजय शर्मा का आरोप है कि यह सब अमिताभ ठाकुर के SP रहते किया गया और उन्हें इस अवैध प्लॉट आवंटन की पूरी जानकारी थी। कानून के अनुसार SP को FIR दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उल्टा, आरोप है कि उन्होंने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर अधिकारियों को प्रभावित किया और इस अवैध आवंटन को करवाने में सहयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया कि देवरिया जिला उद्योग केंद्र (DIC) के अधिकारियों की मिलीभगत से यह प्लॉट आवंटन हुआ। DIC द्वारा जारी आदेश में “नूतन इंडस्ट्रीज” की मालिक के रूप में नूतन देवी पत्नी अभिजात ठाकुर का नाम दर्ज था। शिकायतकर्ता ने कुल 18 दस्तावेज पुलिस को सौंपे, जिनमें बैंक रिकॉर्ड, आवंटन आदेश, पहचान पत्र, दस्‍तावेजों में विसंगतियाँ और हस्तांतरित प्लॉट से जुड़े प्रमाण शामिल हैं। FIR में अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक मानसिकता से न केवल इस अवैध कृत्य में सहयोग किया बल्कि बाद में इस अपराध को छिपाने की कोशिश भी की।

कौन हैं अमिताभ ठाकुर? — विवादों से घिरा करियर

1992 बैच के पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर यूपी कैडर के चर्चित और कई बार विवादित अधिकारी रहे हैं। उनकी पहली तैनाती ASP के रूप में गोरखपुर में हुई।उन्होंने पिथौरागढ़ में SP के रूप में कार्य किया और बाद में प्रदेश के कई जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहे।उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर सोशल एक्टिविस्ट और RTI से जुड़े मामलों में सक्रिय रहती हैं। 23 मार्च 2021 को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें जबरन रिटायर कर दिया था।

मुलायम सिंह यादव वाला विवाद

अमिताभ ठाकुर का नाम वर्ष 2015 में बड़े राजनीतिक विवाद में उछला था। 10 जुलाई 2015 को उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव ने फोन पर उन्हें धमकाया।अमिताभ ने कॉल रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।ऑडियो में मुलायम सिंह कहते सुने गए—“पिछली बार से ज्यादा बुरी गत बनाऊंगा, सुधर जाओ।”इस मामले में अमिताभ ने 24 सितंबर 2015 को लखनऊ हजरतगंज कोतवाली में मुलायम सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। बाद में मुलायम सिंह यादव ने स्वीकार किया कि उन्होंने फोन किया था, पर धमकाने की मंशा से नहीं। उसी विवाद के बाद अमिताभ ठाकुर पर रेप का आरोप भी लगा और उन्हें निलंबित होना पड़ा। यह घटनाक्रम उनके करियर का सबसे विवादित चरण रहा।


    Previous
    Next

    Related Posts