Saturday, 06 December 2025

पुतिन डिनर विवाद: शशि थरूर शामिल हुए, राहुल-खड़गे को न्योता नहीं, कांग्रेस के अंदर भी उठे सवाल


पुतिन डिनर विवाद: शशि थरूर शामिल हुए, राहुल-खड़गे को न्योता नहीं, कांग्रेस के अंदर भी उठे सवाल

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान आयोजित 5 दिसंबर के डिनर में कांग्रेस सांसद और विदेश मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष शशि थरूर शामिल हुए। थरूर ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि पुतिन के सम्मान में आयोजित इस डिनर का माहौल “बहुत अच्छा और दिलचस्प” था। उन्होंने लिखा कि रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा करना बेहद रोचक रहा।

हालांकि इस डिनर को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद तब तेज हुआ जब यह सामने आया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस आयोजन में न्योता नहीं मिला। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि की कि दोनों नेताओं को आमंत्रित नहीं किया गया।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शशि थरूर के डिनर में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समझना जरूरी है कि शीर्ष विपक्षी नेताओं को न बुलाकर केवल थरूर को बुलाना एक राजनीतिक संकेत है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने स्पष्ट किया कि उन्हें विदेश मामलों की कमेटी के चेयरमैन होने के नाते निमंत्रण मिला था और वह पेशेवर जिम्मेदारी के तहत कार्यक्रम में शामिल हुए।

कांग्रेस ने सरकार पर परंपरा तोड़ने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने भी कहा था कि आमतौर पर महत्वपूर्ण विदेशी अतिथियों से मिलने के लिए विपक्ष के नेताओं को बुलाया जाता है, लेकिन इस बार ऐसा न करना लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ है।

पुतिन गुरुवार शाम दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे थे। पहले दिन प्रधानमंत्री आवास पर डिनर आयोजित किया गया था। शुक्रवार को दोनों देशों के बीच कई रणनीतिक समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में डिनर के उपरांत पुतिन मॉस्को लौट गए।

    Previous
    Next

    Related Posts