Saturday, 07 March 2026

IMSOS-2026 BMCON का जयपुर में शुभारंभ, लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह बोले – सेना और स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यों में समानता


IMSOS-2026 BMCON का जयपुर में शुभारंभ, लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह बोले – सेना और स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यों में समानता

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर और इंडियन मस्क्यूलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित IMSOS-2026 – BMCON अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार को हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह (PVSM, AVSM, YSM, VSM), जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, साउथ वेस्टर्न कमांड रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना अनुशासन, ईमानदारी और टीमवर्क के मूल्यों पर कार्य करती है और यही मूल्य स्वास्थ्य सेवाओं में भी उतने ही आवश्यक हैं। उत्कृष्टता निरंतर सीखने, मजबूत व्यवस्थाओं और टीमवर्क के माध्यम से ही प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मेडिकल कॉन्फ्रेंस केवल अकादमिक कार्यक्रम नहीं होती, बल्कि ज्ञान साझा करने और स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच भी होती हैं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और अस्पताल की निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग योजना को वर्तमान समय में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में बीएमसीएच के अध्यक्ष नवरतन कोठारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी, आईएमएसओएस के प्रेसिडेंट डॉ. आशीष गुलिया, बीएमसीएच के अधिशासी निदेशक मेजर जनरल (डॉ.) एस.सी. पारीक, आईएमएसओएस के सचिव डॉ. आनंद राजा सहित देश-विदेश के कई विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन ऑन्कोलॉजी नर्सिंग कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग विशेषज्ञों के लिए विभिन्न सत्र आयोजित हुए। इसके साथ ही कॉन्ड्रोसारकोमा के प्रबंधन में नए ट्रेंड्स, जटिल परिस्थितियों के समाधान सहित 15 से अधिक वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। सम्मेलन के दौरान IMSOS ओरेशन भी आयोजित किया गया।

सम्मेलन में चार समूहों में ई-पोस्टर प्रेजेंटेशन आयोजित किए गए, जिनमें 40 से अधिक शोध पोस्टर प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा “रिटर्न टू मेनस्ट्रीम” थीम पर विशेष वर्कशॉप आयोजित हुई, जिसमें राजस्थान और उत्तर प्रदेश से आए बोन कैंसर विजेताओं और उनके परिजनों के लिए अलग-अलग विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इस सत्र में साइकेट्रिस्ट डॉ. ललित बत्रा, साइकोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका पापरीवाल, समाजसेवी सरोज कोचर, शशि गोविल, वरिष्ठ पत्रकार अमित भट्ट और करियर काउंसलर डॉ. दीपक सक्सेना सहित विशेषज्ञों ने भाग लिया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल में राज्य के पहले अत्याधुनिक डे-केयर कीमोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन भी किया। अस्पताल के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पुनित सिंह और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. गीतांजली अग्रवाल जोशी ने उन्हें इस सेंटर का अवलोकन करवाया। 80 कीमो काउच और आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस सेंटर में कैंसर मरीजों को पहले से अधिक आरामदायक और तेज़ कीमोथेरेपी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Previous
Next

Related Posts