



जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक आवश्यकता ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला भी है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे लखपति दीदी, सोलर दीदी और बैंक सखी जैसी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश और प्रदेश विकास तथा समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की महिलाएं अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।