Saturday, 07 March 2026

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ का जयपुर में भव्य स्वागत, छात्रसंघ चुनाव बहाली की उठाई मांग


NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ का जयपुर में भव्य स्वागत, छात्रसंघ चुनाव बहाली की उठाई मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ शनिवार को पहली बार जयपुर पहुंचे, जहां जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छात्र नेताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला रैली के रूप में राजस्थान यूनिवर्सिटी तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे रास्ते नारेबाजी और स्वागत कार्यक्रम चलता रहा।

स्वागत रैली के दौरान राजस्थान यूनिवर्सिटी में उनके पूर्व प्रतिद्वंदी रहे रणवीर सिंघानिया भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने भी बड़ी संख्या में छात्रों के साथ जाखड़ का स्वागत किया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने राजस्थान में NSUI संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही।

विनोद जाखड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में कई गंभीर समस्याएं हैं, जिन पर केंद्र सरकार पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी इस समय देश का सबसे बड़ा मुद्दा है, लेकिन इस पर गंभीरता से काम नहीं किया जा रहा। इसके अलावा युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की लत को भी उन्होंने चिंता का विषय बताया और कहा कि इससे युवाओं के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है।

जाखड़ ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि शिक्षा का स्तर लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा का बजट कम होने के कारण देशभर के विश्वविद्यालयों की स्थिति खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को NSUI प्राथमिकता के साथ उठाएगी और छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन करेगी।

उन्होंने अपने छात्र राजनीति के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे खुद राजस्थान यूनिवर्सिटी से छात्र राजनीति की शुरुआत कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वे राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव लड़कर अध्यक्ष बने थे। उनके अनुसार छात्रसंघ चुनाव कैंपस में लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखने और छात्रों की समस्याओं को उठाने के लिए बेहद जरूरी हैं।

जाखड़ ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू करने की घोषणा की है, जो स्वागत योग्य कदम है। वहीं राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI लगातार आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उससे पीछे हट गई।

उन्होंने कहा कि राजस्थान यूनिवर्सिटी से वे प्रदेश के युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए संगठन संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि NSUI छात्रसंघ चुनाव करवाकर ही दम लेगी, क्योंकि यह छात्रों के अधिकारों और कैंपस लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है।

प्रदेश में NSUI के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर जाखड़ ने कहा कि संगठन में वही व्यक्ति आगे बढ़ेगा जो संघर्ष करेगा और आम छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। वहीं कांग्रेस नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के सभी नेता सम्मानित हैं, लेकिन संगठन फिलहाल राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश को नई दिशा देने और संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Previous
Next

Related Posts