



जयपुर। राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार और विमानन ढांचे के विकास को लेकर शनिवार को जयपुर स्थित स्टेट हैंगर में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार, एयरपोर्ट विकास कार्यों और कनेक्टिविटी फ्लाइट्स से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में राजस्थान के विभिन्न शहरों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने, नए एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप के विकास तथा मौजूदा हवाई अड्डों पर सुविधाओं के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को मजबूत बनाने और पर्यटन तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संभावित योजनाओं और परियोजनाओं पर प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विपिन कुमार, प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन विभाग नवीन जैन सहित मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राज्य में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने और विमानन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई।