



कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार शाम निधन हो गया। 81 वर्षीय जायसवाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे और हार्ट से जुड़ी समस्याओं से परेशान थे। देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके निधन की पुष्टि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। बताया गया कि श्रीप्रकाश जायसवाल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले किदवई नगर स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कार्डियोलॉजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर लालबंगला पोखरपुर स्थित उनके आवास पर लाया गया है। जैसे ही निधन की सूचना फैली, पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उनके आवास पहुंचने लगे।
राजनीति में मजबूत पकड़ और सादगीपूर्ण व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले श्रीप्रकाश जायसवाल कानपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार सांसद रहे। केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार में उन्होंने 2004 से 2009 तक गृह राज्यमंत्री, और 2009 से 2014 तक केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और उत्तर प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।