



राजस्थान में कांग्रेस ने संगठनात्मक मजबूती के लिए जोधपुर शहर, जोधपुर ग्रामीण और फलोदी से नए जिला अध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए हैं। जोधपुर शहर में ओमकार वर्मा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है, जो नगर निगम में कई बार पार्षद रह चुके हैं और संगठन का लंबा अनुभव रखते हैं। वर्मा अशोक गहलोत खेमे के पुराने और भरोसेमंद चेहरे माने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से शहर कांग्रेस में संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की लामबंदी की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, जोधपुर ग्रामीण की कमान विधायक गीता बरवड़ को सौंपी गई है। भोपालगढ़ से कांग्रेस विधायक गीता बरवड़ संगठन और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाली नेता मानी जाती हैं। कांग्रेस ने ग्रामीण जिले में पहली बार किसी महिला को यह जिम्मेदारी देकर महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का संदेश दिया है। गीता बरवड़ भी गहलोत गुट से जुड़ी हुई हैं और उनकी नियुक्ति को संगठन में संतुलन बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने पहली बार फलोदी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की घोषणा की है। इस नए जिले में मोहम्मद सलीम नागौरी को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। नागौरी पिछले दो दशकों से कांग्रेस के विभिन्न पदों पर सक्रिय रहे हैं और नगरपरिषद के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगठन में उनकी स्वच्छ छवि, सभी वर्गों में स्वीकार्यता, और अशोक गहलोत खेमे से नजदीकी उन्हें इस महत्वपूर्ण पद तक ले आई। हाईकमान तक पहुंचे सकारात्मक फीडबैक ने भी उनके नाम को मजबूती दी।
जिलेवार इन नई नियुक्तियों के साथ कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए वह अनुभवी, सक्रिय और जनस्वीकृत चेहरों को आगे ला रही है। इससे जोधपुर संभाग में पार्टी की पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद की जा रही है।