Thursday, 05 February 2026

राजस्थान विधानसभा में 5 फरवरी को नहीं होगा प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देंगे राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब


राजस्थान विधानसभा में 5 फरवरी को नहीं होगा प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देंगे राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार, 5 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे से सदन की कार्यवाही प्रारंभ होगी। इस दिन प्रश्नकाल आयोजित नहीं किया जाएगा और कार्यवाही की शुरुआत विभिन्न विभागों के प्रतिवेदनों के प्रस्तुतिकरण से होगी। सबसे पहले उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ द्वारा राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (RIICO) का 56 वां वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

वन राज्य मंत्री संजय शर्मा द्वारा इसके पश्चात राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का तृतीय प्रतिवेदन रखा जाएगा। प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक अर्जुन लाल जीनगर आबकारी विभाग से संबंधित प्राक्कलन समिति का चतुर्थ प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे।

प्राक्कलन समिति के सभापति विधायक बाबू सिंह राठौड़ समिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष एवं विधायक कल्पना देवी द्वारा महिला एवं बाल विकास समिति का प्रतिवेदन सदन में रखा जाएगा।

लंच ब्रेक के बाद विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा प्रारंभ होगी। इस चर्चा में शाम 4:00 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भाग लेंगे और सरकार की नीतियों पर विपक्ष का पक्ष रखेंगे। इसके बाद शाम 5:00 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रही बहस का औपचारिक जवाब देंगे।

विधानसभा की कार्यवाही के लिहाज से 5 फरवरी का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री के जवाब के साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का समापन होगा और आगे के विधायी कार्यों की दिशा तय होगी।

Previous
Next

Related Posts