जोधपुर। भोपालगढ़ थाना क्षेत्र में भाजपा के मंडल महामंत्री हेमंत शर्मा को हिरासत में लेकर मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें फेसबुक पर भोपालगढ़ पुलिस की कार्यशैली की आलोचना करने के बाद रातभर थाने में बंद रखा और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके चलते जोधपुर पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए भोपालगढ़ थाने के एक एएसआई और एक हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही भाजपा नेताओं ने डिप्टी भूराराम खिलेरी को तत्काल हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता हेमंत शर्मा ने फेसबुक पर भोपालगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली और एक हत्या मामले में हुई गिरफ्तारियों को लेकर सवाल उठाए थे। पुलिस का आरोप है कि हेमंत शर्मा ने अपने पोस्ट में गलत तथ्य शेयर किए, जिससे पुलिस की छवि को नुकसान हुआ। इसके बाद भोपालगढ़ पुलिस ने उन्हें फेसबुक पोस्ट के आधार पर हिरासत में लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान हेमंत शर्मा ने पुलिस से बहस और विरोध किया, जिसके चलते उन्हें शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं, भाजपा नेताओं का दावा है कि पुलिस ने हेमंत को थाने में मारपीट कर रातभर बंद रखा, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है।
भाजपा नेताओं का विरोध:
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा देहात जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने भोपालगढ़ थानाधिकारी से संपर्क किया। थानाधिकारी ने बताया कि शांति भंग की रिपोर्ट के चलते हेमंत शर्मा को जमानत करवानी होगी। इस जवाब से नाराज भाजपा नेता शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई पुलिस के पक्षपातपूर्ण रवैये को दर्शाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।