जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दीपोत्सव के शुभारंभ पर शनिवार शाम गुलाबी शहर जयपुर में की गई दीपावली सजावट का अवलोकन किया। उन्होंने शहर के मुख्य मार्गों और ऐतिहासिक बाजारों में की गई विशेष रोशनी की सराहना करते हुए इसे ‘उजास का प्रतीक’ बताया और कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल का प्रकाश लाए।
राज्यपाल बागडे ने कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से सद्भाव, सेवा और स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग का संदेश भी दिया।
राज्यपाल बागडे ने राजभवन से एम.आई. रोड, पांच बत्ती, किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया, अल्बर्ट हॉल और उसके आसपास की विशेष रोशनी देखी।शहर की जगमगाती सड़कों को देखकर उन्होंने कहा कि जयपुर की दीपावली सजावट हर वर्ष अपने सौंदर्य और सांस्कृतिक भव्यता से देशभर में उदाहरण प्रस्तुत करती है। इसके बाद राज्यपाल का काफिला जेडीए चौराहा, जवाहर सर्किल, पत्रिका गेट और विधानसभा भवन होते हुए वापस राजभवन लौटा।
राज्यपाल बागडे ने दीपावली पर्व की शुरुआत पर सभी नागरिकों को सुख, शांति और खुशहाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपों का यह पर्व सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।