Sunday, 21 December 2025

जयपुर के आसमान में रहस्यमयी खगोलीय घटना, आग के गोले देख लोग दंग


जयपुर के आसमान में रहस्यमयी खगोलीय घटना, आग के गोले देख लोग दंग

राजस्थान की राजधानी जयपुर के आसमान में शुक्रवार देर रात एक अद्भुत खगोलीय नजारा देखने को मिला। आधी रात करीब 1:21 बजे शहर और आसपास के इलाकों में अचानक आसमान में आग के गोले नजर आए। करीब एक मिनट तक दिखाई देने वाली इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया।

शहर के अलग-अलग हिस्सों के साथ ही कोटपूतली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने इस नजारे को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह आग के गोले 200 मीटर तक नीचे आते हुए साफ दिखाई दे रहे थे।

उल्कापिंड होने की आशंका

खगोलीय घटनाओं पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना उल्कापिंड (Meteor) हो सकती है। इनके अनुसार, इनकी रफ्तार करीब 72 किलोमीटर प्रति सेकेंड थी। राजस्थान में पिछले दो दशकों में उल्कापिंड गिरने की कई घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे इस संभावना को और मजबूती मिल रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल

आग के गोलों की झलक पाकर लोग अपने मोबाइल कैमरों से वीडियो बनाने लगे। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर रहस्यमयी रोशनी के रूप में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अब तक किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

वैज्ञानिकों की नजर

विशेषज्ञों का कहना है कि उल्कापिंड अंतरिक्ष से आने वाले पत्थर या धातु के टुकड़े होते हैं, जो पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते ही जलने लगते हैं और आग के गोलों के रूप में दिखाई देते हैं। यह घटना आमजन के लिए रोमांचक जरूर है, लेकिन वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पूरी तरह प्राकृतिक है।

    Previous
    Next

    Related Posts