Saturday, 20 September 2025

भिवाड़ी में शुरू हुआ 12 वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर: केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव बोले – चरखे से चंद्रमा तक छाया स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ता कदम


भिवाड़ी में शुरू हुआ 12 वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर: केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव बोले – चरखे से चंद्रमा तक छाया स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ता कदम

भिवाड़ी। भिवाड़ी मेला ग्राउंड में लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 12 वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF-2025) का शुभारंभ केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल चरखा और हस्तशिल्प तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत आज स्वदेशी प्रयासों से चंद्रमा तक पहुंचने की क्षमता रखता है। कोविड महामारी के दौरान स्वदेशी वैक्सीन ने 140 करोड़ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की और देश को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज आर्थिक दृष्टि से विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने बताया कि देश में एयरपोर्ट्स की संख्या 67 से बढ़कर 167 हो गई है और एनएच-8 को एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी चल रही है।

उद्योग जगत को इंस्पेक्टर राज से मिलेगी मुक्ति:

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकार उद्यमियों को निर्भीकता से उद्योग चलाने का माहौल दे रही है। जन विश्वास बिल के तहत गैर-जरूरी कानून खत्म किए जा रहे हैं। पर्यावरण मंजूरी के लिए नई ऑडिट व्यवस्था लाई जाएगी, जिससे इंस्पेक्टर राज से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जीएसटी सुधारों से ट्रैक्टर और कार जैसे उत्पाद सस्ते हुए हैं, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और रोजमर्रा के सामान भी कम कीमत में उपलब्ध हैं।

स्किल डेवलेपमेंट और ग्रीन क्रेडिट पर जोर

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि फॉरेस्ट एरिया में ग्रीन क्रेडिट योजना लागू की जा रही है। भिवाड़ी क्षेत्र के लिए स्किल डेवलेपमेंट सेंटर की स्थापना होगी, जहां लघु उद्योग भारती नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 108 ई-लाइब्रेरी बनाई गई हैं, जिससे 20 हजार बच्चों की क्षमता विकास हो रही है।

लघु उद्योग भारती का योगदान: लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि भारत की समृद्धि कभी लूट से नहीं, बल्कि अपने लोगों के हुनर और उद्यमिता से बनी है। अंग्रेजों के समय औद्योगिक क्रांति में पिछड़ने के बावजूद भारत ने चौथी औद्योगिक क्रांति में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल और गुणवत्तापूर्ण निर्यात उत्पाद बनाने पर बल दिया।

तकनीकी सत्र और बी2बी प्रदर्शनी: फेयर के पहले दिन 327 स्टॉल्स में मशीनरी, ऑटोमोबाइल्स, इंजीनियरिंग, एग्रीकल्चर, टेक्सटाइल्स, इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और पैकेजिंग से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए। जिला उद्योग केंद्र ने ODOP योजना के तहत 30 स्टॉल्स लगाए। तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने रेलवे वेंडर अप्रूवल सिस्टम, MSME सब्सिडी, IPO और GST इनसाइट्स जैसे विषयों पर उद्यमियों को जानकारी दी।

कार्यक्रम में अलवर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, विधायक देवीसिंह शेखावत और बाबा बालकनाथ, प्रदेश महासचिव सुधीर गर्ग, जयपुर अंचल अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, सचिव सुनीता शर्मा समेत बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts