Saturday, 08 November 2025

PM मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की, 98वें जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं


PM मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की, 98वें जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भाजपा के वरिष्ठतम नेता और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। मौके पर प्रधानमंत्री ने आडवाणी को उनके 98 वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी और लंबी उम्र एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि “आडवाणी जी का संपूर्ण जीवन भारत के लोकतंत्र, राजनीतिक मूल्यों और जनसेवा की निरंतर प्रेरणा है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने से लेकर देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तक हर स्तर पर अद्वितीय योगदान दिया है।”

प्रधानमंत्री ने आडवाणी के साथ मुलाकात को भावपूर्ण क्षण बताया और कहा कि आडवाणी जी का सरल, स्नेहपूर्ण और दूरदर्शी व्यक्तित्व देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं और नागरिकों के लिए प्रकाशपुंज की तरह है।

लालकृष्ण आडवाणी, जिन्होंने भारतीय राजनीति में छह दशक से अधिक समय तक सक्रिय भूमिका निभाई, भारतीय लोकतंत्र के स्तंभों में गिने जाते हैं। राम मंदिर आंदोलन से लेकर भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने तक, उन्होंने पार्टी और देश दोनों को नई दिशा दी। आडवाणी के 98 वें जन्मदिन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शुभकामनाएं दीं और उनके मार्गदर्शन तथा योगदान को याद किया।

Previous
Next

Related Posts