Saturday, 08 November 2025

“कांग्रेस ने वंदे मातरम् गीत काटकर राष्ट्र की आत्मा को चोट पहुंचाई”: घनश्याम तिवाड़ी


“कांग्रेस ने वंदे मातरम् गीत काटकर राष्ट्र की आत्मा को चोट पहुंचाई”: घनश्याम तिवाड़ी

जयपुर। भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। तिवाड़ी ने कहा कि “वंदे मातरम् भारतीय राष्ट्रभावना की आत्मा है, लेकिन कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के चलते इस गीत को काटकर राष्ट्र और संविधान की आत्मा के साथ विश्वासघात किया।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस वंदे मातरम् को अपनी विरासत बताने की कोशिश कर रही है, जबकि उसकी असली विरासत “भारत विभाजन और तुष्टिकरण” है।

भाजपा सांसद तिवाड़ी ने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी यह घोषणा करे कि वंदे मातरम् गीत पूर्ण रूप से गाया जाना चाहिए, तो वे स्वयं इसे कांग्रेस की विरासत मानने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गीत पहली बार 7 नवंबर 1875 को बंग दर्शन पत्रिका में बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा प्रकाशित किया गया था और 1896 में रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने इसे सार्वजनिक मंच से गाया। यह गीत 1905 के बंग-भंग आंदोलन में राष्ट्रीय आंदोलन का स्वर बन गया था।

उन्होंने कहा कि 1937 में मौलाना मोहम्मद अली और शौकत अली ने कांग्रेस अधिवेशन में इस गीत का विरोध किया और कांग्रेस नेताओं ने धार्मिक आधार पर इसे “काटने का घिनौना काम” किया। तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने गीत में मां दुर्गा, कमला और सरस्वती के उल्लेख को विवाद बनाकर कई अंशों को हटवा दिया, जबकि देश के स्वतंत्रता संग्राम में कई मुस्लिम क्रांतिकारियों ने भी वंदे मातरम् का गायन किया था।

भाजपा सांसद तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने 1914 में मुस्लिम लीग से समझौता कर विभाजन की नींव रखी और 1937 में वंदे मातरम् को क्षत-विक्षत कर राष्ट्रभक्तों की भावना को ठेस पहुंचाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बंकिमचंद्र चटर्जी, रवीन्द्रनाथ टैगोर और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है। तिवाड़ी ने 1976 के 42वें संविधान संशोधन को भी कांग्रेस की वैचारिक राजनीति थोपने वाला कदम बताया।

भाजपा सांसद तिवाड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र की एकता को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और वंदे मातरम् गीत को जन-मन में पुनर्जीवित करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र के लिए वंदे मातरम् उतना ही महत्वपूर्ण है जितना जन गण मन”। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक भी मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts