Saturday, 07 February 2026

कोटा में 3 मंजिला इमारत ढही, रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के दबे होने की आशंका, 7 लोगों को निकाला बाहर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


कोटा में 3 मंजिला इमारत ढही, रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के दबे होने की आशंका, 7 लोगों को निकाला बाहर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोटा। शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक मलबे से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्टोरेंट में घटना के समय कुछ ग्राहक और करीब 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कई के मलबे में फंसे होने की आशंका बनी हुई है। एहतियातन पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है, ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज आवाज आई, जो पटाखों या ब्लास्ट जैसी लगी। इसके तुरंत बाद पूरी इमारत भरभराकर नीचे गिर गई। मलबे के अंदर से “बचाओ-बचाओ” की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इमारत के पीछे स्थित एक अन्य बिल्डिंग में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। वहां रोजाना ड्रिल मशीन और हैमर का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे आसपास की इमारतों में लगातार कंपन महसूस हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कंपन के कारण कमजोर संरचना वाली यह बिल्डिंग ढह गई।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts