



जयपुर। भाजपा सोशल मीडिया, आईटी एवं मीडिया के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में इनफ्लुएंसर समिट का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 “विकसित भारत @2047” के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी और जनहितैषी बजट है। इस बजट में किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और गरीब—सभी वर्गों के लिए ठोस एवं प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से आह्वान किया कि वे बजट की वास्तविक उपलब्धियों, तथ्यों और सकारात्मक पहलुओं को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाएं, ताकि सही जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
मदन राठौड़ ने कहा कि यह बजट भारत को आने वाले दो दशकों में आत्मनिर्भर, समृद्ध और वैश्विक नेतृत्वकर्ता राष्ट्र बनाने की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दीर्घकालीन सोच के साथ ऐसी नीतियों और योजनाओं को प्राथमिकता दी है, जो आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति को भी सुनिश्चित करती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे डिजिटल माध्यमों के जरिए जनमत निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के समन्वय से ही सरकार की नीतियों और योजनाओं की सही तस्वीर जनता तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में निहित अवसरों और विकास की दिशा को सकारात्मक, तथ्यपरक और विश्वासपूर्ण संवाद के साथ प्रस्तुत करना आज की आवश्यकता है।
भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी हिरेंद्र कौशिक ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनमत निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। केंद्रीय बजट से जुड़ी सटीक और सकारात्मक जानकारी को रचनात्मक कंटेंट, रील्स, पोस्ट और संवाद के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में इनफ्लुएंसर्स की अहम भूमिका है। वहीं भाजपा प्रदेश आईटी प्रभारी अविनाश जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के तकनीकी और प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डेटा-आधारित कंटेंट, डिजिटल टूल्स और रणनीतिक संवाद के माध्यम से बजट से जुड़े संदेशों को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ केंद्रीय बजट की प्रमुख घोषणाओं, योजनाओं और आम नागरिक से जुड़े पहलुओं को सरल, प्रभावी और भरोसेमंद तरीके से प्रस्तुत करने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, भ्रम और नकारात्मक प्रचार के प्रभाव को समाप्त करने के लिए जन-हितैषी नीतियों को सोशल मीडिया पर प्रमुखता से सामने लाने की अपील की गई।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश आईटी प्रभारी अविनाश जोशी एवं प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी हिरेंद्र कौशिक मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय विजयवर्गीय ने किया।