Saturday, 07 February 2026

केंद्रीय बजट में राजस्थान को प्राथमिकता, भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना: डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल


केंद्रीय बजट में राजस्थान को प्राथमिकता, भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना: डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोटा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार ने इस बार भी केंद्रीय बजट में राजस्थान को विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की पारदर्शी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है, जिसके चलते देश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है। शनिवार को कोटा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कभी विश्व के निचले पांच देशों में गिने जाने वाला भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और निरंतर आगे बढ़ रहा है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारत में जीडीपी के अनुपात में मात्र 10.6 प्रतिशत टैक्स लिया जाता है, जबकि चीन में 21 प्रतिशत, अमेरिका में 25 प्रतिशत, फ्रांस में 50 प्रतिशत, डेनमार्क में 45 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया में 43 प्रतिशत, नॉर्वे में 21 से 35 प्रतिशत और जापान में 37 प्रतिशत तक टैक्स लिया जाता है। इसके बावजूद भारत आज विश्व की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, जो सरकार की आर्थिक नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच बेहतर तालमेल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच तालमेल को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बेहतर समन्वय है। वसुंधरा राजे भाजपा के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेती हैं और छोटे-बड़े आयोजनों में सहभागिता निभाती हैं, हालांकि कई बार उनकी व्यस्तता भी रहती है।

अंता उपचुनाव में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन की ओर से लिखे गए पत्र के बारे में उन्होंने कहा कि बजट सत्र में व्यस्त रहने के कारण उन्हें इस तरह की किसी चिट्ठी की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी इस पत्र को गंभीरता से नहीं लिया होगा। नोटिस देना एक सामान्य प्रक्रिया है और यदि इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी आती है तो उस पर संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि अंता का चुनाव पार्टी को जीतना चाहिए था, लेकिन हर हार से सीख लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाती है।

डॉ. अग्रवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को भगवान राम का नाम लेने में भी दिक्कत होती है। इसी कारण राम जल सेतु लिंक परियोजना को अब भी ईआरसीपी के नाम से संबोधित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीबीजी राम जी योजना में ‘राम’ नाम आने से भी कुछ लोगों को परेशानी हो रही है, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

    Previous
    Next

    Related Posts