जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शनिवार को यहां विधानसभा में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, संसदीय कार्यप्रणाली और विधायिका की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
देवनानी ने महाना को राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन, संग्रहालय और कांस्टीट्यूशनल क्लब का अवलोकन कराया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा की ऑनलाइन एवं पेपरलेस कार्यप्रणाली, पारदर्शी कार्यशैली और हाल ही में किए गए नवाचारों की जानकारी दी।
महाना ने गुलाबी नगर के गुलाबी सदन और भवन की अनूठी स्थापत्य कला, डिजिटल म्यूजियम और क्लब की आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने विधानसभा संग्रहालय में प्रदर्शित संवैधानिक इतिहास, संसदीय धरोहर और राजस्थान की लोकतांत्रिक परंपराओं से संबंधित दुर्लभ दस्तावेजों को देखकर प्रशंसा व्यक्त की।
दोनों अध्यक्षों ने माना कि विधानसभाओं से संबंधित अनुभव साझा करना लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के बीच आपसी सहयोग और संवाद को प्रगाढ़ बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
देवनानी ने भारतीय समृद्ध परंपराओं को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा में भारतीय नव वर्ष पर आधारित वार्षिक डायरी का प्रकाशन, कारगिल शौर्य वाटिका का निर्माण, और राजनीतिक आख्यान संग्रहालय में राजस्थान के महापुरुषों एवं विभिन्न क्रांतियों से संबंधित प्रदर्शनी शामिल की गई है। क्लब के सभागारों का नामकरण भी भारतीय शब्दों पर आधारित किया गया है।
देवनानी ने महाना का पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह, दुपट्टा और शाल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया।