जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीरांगनाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं और स्कूल-कॉलेज छात्राओं से रक्षासूत्र बंधवाया। मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के अटूट रिश्ते और भारतीय संस्कृति की समरसता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि हमारी परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने में बहनों की भूमिका अहम है। बहनें परिवार में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए उसे संस्कारित और संगठित करती हैं, इसलिए हमारी संस्कृति में उनका स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अभेद्य सुरक्षा कवच है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने स्वच्छता, लिंगानुपात सुधार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर देशव्यापी जनजागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री ने बहनों से आग्रह किया कि वे पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहें और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को वंचित वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि माताओं और बहनों के शिक्षित व सशक्त होने से ही देश और प्रदेश उत्कृष्ट बन सकता है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में साहसिक होकर अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीरांगनाओं का विशेष सम्मान किया और नन्हीं बहनों को आशीर्वाद देते हुए उनके सिर पर हाथ रखा। प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज संस्थान की चन्द्रकला दीदी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता शर्मा को राखी बांधी। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी बहनों से संवाद कर उन्हें सम्मानस्वरूप उपहार भेंट किए।