सीकर में आज कांग्रेस पार्टी ने स्मार्ट मीटर और विवादित मास्टर प्लान के विरोध में आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कोर्ट परिसर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुछ कार्यकर्ता गेट पर चढ़ने की कोशिश करने लगे, जिन्हें मौके पर तैनात पुलिस बल ने नीचे उतारा और स्थिति को संभाला।
रैली के बाद कांग्रेस नेताओं ने सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार शारीरिक रूप से सक्रिय लग सकती है, लेकिन असल में यह "गूंगी-बहरी" सरकार बन चुकी है, जो आमजन की समस्याओं को सुनने और समझने में नाकाम है।
पारीक ने आरोप लगाया कि सरकार छोटे उपभोक्ताओं पर दो-दो हजार रुपए के बिल बकाया होने पर बिजली कनेक्शन काट रही है, जबकि बड़े बकायेदारों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने इसे भाजपा का राजनीतिक एजेंडा बताया और कहा कि आज की भाजपा सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी का मॉडिफाइड रूप बन चुकी है, जिसका नेतृत्व गुजरात के चार प्रभावशाली लोग – नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अंबानी और अडाणी कर रहे हैं।
पारीक ने जोर देते हुए कहा कि पहले ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापार के उद्देश्य से आई थी, लेकिन अब यह मॉडिफाइड कंपनी केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र को भी नियंत्रित कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।