Saturday, 12 July 2025

रंगमंच कलाकार सुनील सोगण को मिला 'कबीर कोहिनूर सम्मान 2025', लोकनाट्य कला में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित


रंगमंच कलाकार सुनील सोगण को मिला 'कबीर कोहिनूर सम्मान 2025', लोकनाट्य कला में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित

चोमूं (जयपुर) निवासी प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और गोल्ड मेडलिस्ट सुनील सोगण को कबीर कोहिनूर सम्मान 2025 से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें 11 जुलाई 2025 को राजस्थान के नागौर जिले के बड़ी खाटू में आयोजित "कबीर कीर्ति स्तंभ शिलान्यास एवं कबीर कोहिनूर सम्मान समारोह" में प्रदान किया गया। समारोह का आयोजन अखिल भारतीय कबीर मठ सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान द्वारा संस्थापक अध्यक्ष महंत डॉ. नानक दास जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर स्वामी संपूर्णानंद जी महाराज (कुरुक्षेत्र, हरियाणा), जैन धर्मगुरु विवेक मुनि जी महाराज (दिल्ली), महंत डॉ. रूपचंद दास जी महाराज (आरोग्य भारती, जोधपुर) एवं बौद्ध धर्मगुरु भंते प्रज्ञासागर (भारतीय बौद्ध समिति, उत्तर प्रदेश) जैसे प्रतिष्ठित अतिथिगण मंच पर उपस्थित रहे।

सुनील सोगण को यह सम्मान शिक्षा के माध्यम से रंगमंच को बढ़ावा देने, गांवों में नाट्य कला के विकास, तथा सामाजिक समस्याओं, अंधविश्वास और ज्वलंत मुद्दों पर जागरूकता लाने के लिए नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने भारतीय लोकनाट्य कला को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज में रचनात्मक सोच को जन्म दिया है।

इससे पूर्व भी सोगण को "अहिंसा सेवा सम्मान 2023", "काव्य कलम सम्मान 2023" सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। रंगमंच, कला-संस्कृति, साहित्य एवं स्थापत्य के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित सुनील सोगण स्वयं को "रंगमंच का विद्यार्थी" मानते हैं और उनकी सृजनात्मक यात्रा आज भी पूरी ऊर्जा से जारी है।

Previous
Next

Related Posts