



जयपुर। मानसरोवर इलाके में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एंडेवर कार की टक्कर से ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जा गिरा, जिससे उसमें सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा रविवार रात करीब 1:30 बजे मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे मुख्य सड़क पर हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार सड़क पर एक थार पहले से पलटी हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार एंडेवर कार थार से टकराई और इसके बाद पास से गुजर रहे ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जा गिरा। ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद एंडेवर भी सड़क पर पलट गई।
ई-रिक्शा में सवार तीनों मजदूर किसी पार्टी में आइसक्रीम की सप्लाई कर वापस लौट रहे थे। हादसे में तीनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे के बाद थार और एंडेवर में सवार लोग वाहन मौके पर छोड़कर वहां से चले गए। जानकारी के अनुसार थार में कुछ युवतियां भी सवार थीं। पुलिस अब दोनों वाहनों के चालक और हादसे के समय मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल एंडेवर कार कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड बताई जा रही है।
हालांकि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार था, इसकी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। केवल वाहन का किसी व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड होना हादसे के समय उनके वाहन में मौजूद होने की पुष्टि नहीं करता।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है, जिससे हादसे का पूरा घटनाक्रम और वाहन चालकों की पहचान स्पष्ट हो सके।