



जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जगदीश मोदी का सोमवार को भव्य कार्यक्रम के साथ सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन, वरिष्ठ चिकित्सकों और स्टाफ ने उनके 30 साल से अधिक लंबे सेवाकाल और मरीजों के प्रति उनके सहयोग का उल्लेख किया।
समारोह में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि डॉ. मोदी ने एसएमएस अस्पताल में रहते हुए आमजन की जिस तरह मदद की, उसका विकल्प मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि भले ही डॉ. मोदी कागजों में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन वे आगे भी अस्पताल से जुड़े रहेंगे और लोगों की सेवा करते रहेंगे।
डॉ. जगदीश मोदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका एसएमएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़ाव साल 1984 में शुरू हुआ था, जब उन्होंने यहां MBBS में प्रवेश लिया।
उन्होंने MBBS के बाद MS की पढ़ाई भी SMS मेडिकल कॉलेज से ही पूरी की। इसके बाद नौकरी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने लगातार इसी संस्थान में अपनी सेवाएं दीं। इस तरह छात्र जीवन से शुरू हुआ उनका संबंध दशकों तक चिकित्सा सेवा के रूप में जारी रहा।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. मोदी के प्रशासनिक कार्यों के साथ मरीजों और उनके परिजनों की मदद के लिए उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया। एसएमएस जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों की समस्याओं को सुलझाने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में उनकी सक्रिय भूमिका का उल्लेख किया गया।
डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि डॉ. मोदी की आमजन तक पहुंच और मदद करने की कार्यशैली ने उन्हें अस्पताल में अलग पहचान दिलाई।
सेवानिवृत्ति समारोह में अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, सीनियर प्रोफेसर डॉ. एस.एम. शर्मा, पुनीत सक्सेना, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह, डॉ. गिरधर गोयल, डॉ. सतीश वर्मा, डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. राजेश शर्मा, उपाधीक्षक डॉ. अनिल दुबे और डॉ. संजय शेखावत समेत बड़ी संख्या में डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. मोदी के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह के दौरान यह भी कहा गया कि औपचारिक रूप से सेवा से निवृत्त होने के बावजूद डॉ. मोदी का एसएमएस अस्पताल से जुड़ाव आगे भी बना रहेगा। अस्पताल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि उनका अनुभव भविष्य में भी संस्थान और मरीजों के काम आएगा।