



टोंक। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सोमवार को टोंक पहुंचकर नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने एपीआरटीएस स्थित टोंक रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर टीना डाबी, जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान राजेश्वर सिंह ने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों की ओर से किए जा रहे कार्यों और उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था, पुलिस प्रबंध, मतदान दलों की व्यवस्था, मतदान केंद्रों तथा मतदान और मतगणना स्थलों की तैयारियों की भी समीक्षा की।
इसके साथ ही मतदान के दौरान दिव्यांग मतदाताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और मतदाता जागरूकता के लिए चल रही स्वीप गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से नगर निकाय चुनाव को लेकर की गई व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और उपयुक्त हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने टोंक जिले में की गई चुनावी तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदान से लेकर मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित होने तक सभी व्यवस्थाएं प्रभावी नियंत्रण में रहेंगी और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
राजेश्वर सिंह ने नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत कृषि ऑडिटोरियम में चल रहे मतदान अधिकारी प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने पीआरओ और पीओ-1 प्रशिक्षणार्थियों से मतदान अधिकारियों के दायित्व और कर्तव्यों को लेकर चर्चा की तथा उन्हें प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों और प्रक्रिया की पूरी जानकारी होने से मतदान दिवस पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
चुनाव तैयारियों की समीक्षा के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम विनोद कुमार मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार मीणा, एएसपी रतनलाल भार्गव, कोषाधिकारी हरीश लालावत, नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं मतदान अधिकारी प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्रभारी ललित कुमार, डीआईओ सुशील कुमार जैन, मास्टर ट्रेनर विमल कुमार जैन, कृष्ण गोपाल शर्मा, डीएमओ नितेश कुमार जैन और निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अतुल साहू उपस्थित रहे।