



टोंक। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ‘नशा मुक्त टोंक’ अभियान के तहत कोतवाली, पुरानी टोंक, सदर टोंक, मेहंदवास थाना पुलिस, डीएसटी और महिला शक्ति टीम ने संयुक्त रूप से शहर में 5 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में स्मैक के साथ बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम की गोलियां, इंजेक्शन और सिरिंज जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग कार्रवाई में करीब 2 लाख रुपए बाजार कीमत की 10.50 ग्राम स्मैक, ट्रामाडोल के करीब 150 इंजेक्शन व 144 कैप्सूल/टेबलेट, अल्प्राजोलम की बड़ी मात्रा, एविल इंजेक्शन और करीब 800 सिरिंज बरामद की गई हैं। कार्रवाई के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव के निर्देशन और वृत्ताधिकारी टोंक मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की।
डीएसटी के साथ कोतवाली, पुरानी टोंक, सदर टोंक और मेहंदवास पुलिस की टीमों को अभियान में लगाया गया। पुलिस ने नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री और मादक पदार्थों के सेवन से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी।
सदर थाना क्षेत्र में पुलिस और डीएसटी की टीम ने गणेश मंदिर के सामने अन्नपूर्णा डूंगरी इलाके में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मौसम देवी (35) के कब्जे से 10.50 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 6,240 रुपए बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा कुआं स्थित आशीर्वाद मेडिकल स्टोर पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस का आरोप है कि मेडिकल स्टोर पर बिना खरीद बिल के ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी दवाएं अवैध रूप से बेची जा रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 144 Dicyclomine Hydrochloride, Tramadol Hydrochloride एवं Acetaminophen कैप्सूल/टेबलेट तथा 810 Alprazolam टेबलेट जब्त करने की जानकारी दी है। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक पुनीत बदलानी (23) को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली पुलिस ने पवेलियन ग्राउंड स्थित एक हॉल में भी दबिश दी। पुलिस के अनुसार यहां चार युवक सामूहिक रूप से स्मैक का सेवन करते मिले। मौके से स्मैक सेवन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, फॉयल पेपर, जली और साबुत माचिस की तीलियां, बीड़ियां तथा कागज के पाइप आदि जब्त किए गए। इस कार्रवाई में पुलिस ने अदीब उर्फ अहू (41), अख्तर (30), कलीम अहमद (32) और किशन लाल (25) को गिरफ्तार किया।
डीएसटी और पुरानी टोंक थाना पुलिस ने अंबेडकर कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड स्थित एक मकान पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यहां से प्रतिबंधित/नियंत्रित नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद हुई। कार्रवाई में 149 ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम की गोलियों के 86 पत्ते और 12,450 रुपए नकद जब्त किए गए। पुलिस ने इस मामले में नरेश कुमार वर्मा (27) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21 और 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में मौसम देवी, अदीब उर्फ अहू, अख्तर, कलीम अहमद, किशन लाल, पुनीत बदलानी और नरेश कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीली दवाएं और मादक पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और इनकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जा रही थी।
टोंक पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब बिना चिकित्सकीय परामर्श और निर्धारित नियमों का पालन किए कुछ दवाओं के कथित दुरुपयोग को लेकर लगातार चिंता सामने आ रही है। पुलिस का फोकस अब नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर रहेगा।