



जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा मंगलवार सुबह जयपुर के प्रसिद्ध श्री काले हनुमानजी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर में भगवान के दर्शन किए, आरती में हिस्सा लिया और धार्मिक अनुष्ठान किए। इस दौरान उन्होंने पंडितजी से अपनी नजर उतरवाई और काला धागा भी बंधवाया।
सुनीता आहूजा पिछले कुछ दिनों से धार्मिक यात्रा पर हैं और अलग-अलग मंदिरों में दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना कर रही हैं।
सुनीता के साथ राजस्थान में उनका कामकाज और व्यवस्थाएं देखने वाले मैनेजर सौरभ प्रजापत भी मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और काफी देर तक मंदिर परिसर में रहीं। इस दौरान उनका पूरा ध्यान धार्मिक अनुष्ठान, आरती और प्रार्थना पर रहा। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच भी उनके आने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी।
सुनीता आहूजा पिछले दो दिनों से जयपुर में हैं। मंगलवार को काले हनुमानजी मंदिर पहुंचने से पहले उन्होंने सोमवार को खाटूश्यामजी मंदिर में भी दर्शन और पूजा-अर्चना की थी। इससे पहले वह इंदौर में भी विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुकी हैं। उनकी मौजूदा यात्रा को लगातार मंदिर दर्शन और आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़ा निजी धार्मिक प्रवास माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सुनीता इन दिनों परिवार की खुशहाली और मानसिक शांति के लिए मंदिरों में दर्शन कर रही हैं। उनके धार्मिक कार्यक्रमों में पूजा-अर्चना, आरती और पारंपरिक अनुष्ठान शामिल हैं। काले हनुमानजी मंदिर में नजर उतरवाने और काला धागा बंधवाने का उनका अंदाज भी चर्चा का विषय रहा।
सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में कथित अनबन और तलाक की अर्जी से जुड़ी खबरों के बाद उनकी धार्मिक यात्राओं को भी ध्यान से देखा जा रहा है। हालांकि हाल में यह जानकारी सामने आई कि उन्होंने तलाक की अर्जी वापस ले ली है। ऐसे में परिवार की सुख-शांति के लिए की जा रही उनकी धार्मिक यात्रा को लेकर भी लोगों में चर्चा बनी हुई है।
