



जयपुर। अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा रविवार दोपहर जयपुर पहुंचीं। हाल ही में गोविंदा से तलाक की अर्जी वापस लेने को लेकर चर्चा में रहीं सुनीता अब धार्मिक यात्रा पर हैं। वे सोमवार को खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करेंगी।
सुनीता इंदौर से जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए राजस्थान में उनके कार्यक्रम और व्यवस्थाएं देखने वाले मैनेजर सौरभ प्रजापत मौजूद रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद सुनीता सीधे अपने होटल के लिए रवाना हो गईं।
सुनीता आहूजा का खाटूश्यामजी मंदिर से पहले भी जुड़ाव रहा है। बताया जा रहा है कि अभिनेता गोविंदा के पैर में गोली लगने की घटना वाले दिन भी वे बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूश्यामजी आई हुई थीं। अब एक बार फिर वे खाटूश्यामजी के दरबार में हाजिरी लगाने जा रही हैं। सोमवार को उनके मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम है।
सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने निजी जीवन को लेकर लगातार सुर्खियों में रही हैं। गोविंदा से वैवाहिक विवाद और तलाक की अर्जी को लेकर चर्चाओं के बाद हाल ही में अर्जी वापस लेने की खबर सामने आई थी।
इसी घटनाक्रम के बाद उनका जयपुर और खाटूश्यामजी का यह दौरा चर्चा में है। हालांकि सुनीता ने जयपुर पहुंचने पर अपने निजी जीवन को लेकर विस्तार से कोई बयान नहीं दिया।
जयपुर एयरपोर्ट पर सुनीता आहूजा का अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने उन्हें देखा और कुछ प्रशंसकों ने उनसे मिलने की कोशिश भी की। मैनेजर सौरभ प्रजापत ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होटल के लिए रवाना हो गईं।
सुनीता आहूजा सोमवार को जयपुर से सीकर जिले के खाटूश्यामजी के लिए रवाना होंगी। वहां वे मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा श्याम के दर्शन करेंगी। उनकी इस यात्रा को निजी और धार्मिक प्रवास के रूप में देखा जा रहा है।